बीसलपुर। तहसील क्षेत्र के उगनपुर मरौरी गांव में नवनिर्मित पुलिया के निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिया के दोनों ओर मिट्टी नहीं डाली गई है, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है। वहीं, बारिश के दौरान मिट्टी का कटान होने और हादसे की आशंका बनी हुई है।
वहीं, ग्रामीण रामबहादुर ने बताया कि पुलिया के दोनों ओर मिट्टी नहीं डाली गई है। सड़क की सतह पुलिया से करीब दो फीट नीचे है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ समय पहले इसी पुलिया से एक डल्लव पलट गया था। बाइक से पुलिया पार करने में भी दिक्कत होती है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया की सुरक्षा दीवार के ऊपर तक सेफ्टी बार होना चाहिए, लेकिन इसकी ऊंचाई कम है। इससे बारिश के दौरान पानी के बहाव में मिट्टी का कटान होने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने पुलिया के दोनों ओर मिट्टी डलवाने, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।मामले में ठेकेदार भूरे खां ने कहा कि यदि पुलिया में कोई कमी है, तो उसे दोबारा देखकर जरूरी सुधार कराया जाएगा। वहीं, बीसलपुर के खंड विकास अधिकारी सर्वेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में कोई कमी पाई जाती है, तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
