संग्रामपुर/अमेठी। मच्छर जनित बीमारियों से लोगों को बचाने के लिए चलाया जा रहा विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान संग्रामपुर क्षेत्र में बदहाल सफाई व्यवस्था के चलते सवालों के घेरे में है। गांवों में जगह-जगह गंदगी के ढेर, बजबजाती नालियां और सड़कों पर भरा नाली का गंदा पानी अभियान की जमीनी हकीकत बयां कर रहा है। आरोप है कि कई ग्राम पंचायतों में नियमित सफाई, एंटी लार्वा दवा के छिड़काव और फॉगिंग की व्यवस्था नहीं होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचारी रोगों से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने तथा साफ-सफाई रखने की अपील की जाती है। वहीं, गांवों में सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी पंचायतों पर है। इसके बावजूद कई स्थानों पर नालियां कूड़े और कीचड़ से भरी पड़ी हैं। सड़कों पर गंदा पानी जमा होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव और गंदगी के कारण मच्छरों के पनपने की आशंका भी बनी हुई है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। ग्रामीणों का आरोप है कि सफाई और छिड़काव के नाम पर पंचायत स्तर पर खर्च किए जाने के बावजूद धरातल पर अपेक्षित काम दिखाई नहीं दे रहा है। कई जगहों पर एंटी लार्वा दवा का छिड़काव और फॉगिंग नहीं होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि जब गांवों में गंदगी और जलभराव की समस्या बनी हुई है, तो संचारी रोग नियंत्रण अभियान का लाभ आम लोगों तक कैसे पहुंचेगा?। संग्रामपुर ब्लॉक की 37 ग्राम पंचायतों में करीब डेढ़ लाख की आबादी रहती है। क्षेत्र की इंटौरी, चंडेरिया, भावलपुर, संग्रामपुर, सहजीपुर, गंगापुर, कंसापुर, पुन्नपुर, सोनारीकनू, उत्तरगांव, भवसिंहपुर, जरौटा, तारापुर, नेवादा कनू, कनू, सरैया कनू, गूजीपुर, बड़गांव, मिश्रौली बड़गांव, मधुपुर खदरी, सरैया बड़गांव और करौंदी समेत कई ग्राम पंचायतों में सफाई और फॉगिंग को लेकर शिकायतें बताई जा रही हैं। संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए केवल जागरूकता अभियान चलाना पर्याप्त नहीं है। गांवों में नियमित नालियों की सफाई, कूड़े का निस्तारण, जलभराव समाप्त करने, एंटी लार्वा दवा के छिड़काव और जरूरत के अनुसार फॉगिंग कराने की आवश्यकता है। संबंधित विभागों को अभियान की जमीनी स्थिति की जांच कर लापरवाही मिलने पर कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि ग्रामीणों को गंदगी और मच्छर जनित बीमारियों के खतरे से राहत मिल सके।
37 ग्राम पंचायतों की करीब डेढ़ लाख आबादी को नहीं मिल रहा अभियान का लाभ, सफाई और फॉगिंग के दावों पर उठे सवाल
