अमेठीः सरकारी योजनाओं की जानकारी को लगे स्टॉल
October 01, 2026
अमेठी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा अभियान के तहत बुधवार को विकास खंड मुख्यालय भेटुआ के सभागार परिसर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया में सहायता करना है। ब्लॉक प्रमुख आकर्ष शुक्ला ने फीता काटकर अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया। अभियान के दौरान विकास खंड के सभी संबंधित विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं, पात्रता और लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में एडीओ आईएसबी संजय राय, एडीओ पंचायत मनीष कुमार, सहायक विकास अधिकारी सहकारिता मुकेश कुमार सिंह, सीडीपीओ सत्यजीत, प्रभारी पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार वर्मा, प्रभारी किसान कल्याण केंद्र नागेंद्र वर्मा सहित विकास खंड के समस्त विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से स्टॉलों पर पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लेने और पात्रता के अनुसार लाभ उठाने की अपील की।
