प्रतापगढ/बाबागंज। जिले में भ्रष्टाचार का आलम यह है कि जिस सड़क का विधायक ने गुणवत्ता को लेकर निरीक्षण किया, उसी सड़क में इस स्तर का भ्रष्टाचार हुआ कि सड़क का निर्माण होते ही कई स्थानों पर सड़क फट गई और उसमें दरार आ गई। सड़क में दरार आने के बाद ठेकेदार ने अपनी कमियां छिपाने के लिए उसने पैचिंग का कार्य कराना शुरू कर दिया है।
बाबागंज ब्लाक में जलेशरगंज झींगुर मार्ग से रायगढ़ -माघी वाया होते हुए हीरागंज- बिहार सड़क का करोड़ो रुपये की लागत से सड़क का निर्माण बरसात के पूर्व हुआ था। सड़क निर्माण के दौरान क्षेत्रीय विधायक बाबागंज विनोद सरोज ने मौके पर जाकर सड़क के निर्माण और गुणवत्ता का निरीक्षण किया था। उन्होंने मौके पर ठेकेदार और सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर गुणवत्ताविहीन बन रही सड़क पर जमकर फटकार लगाई थी और सड़क को मानक अनुसार बनाने का निर्देश दिया था लेकिन विधायक के निरीक्षण करने के बाद भी ठेकेदार और अधिकारियों ने सड़क निर्माण में खेला कर दिया और अपनी झोली भरने के चक्कर में सड़क की गुणवत्ता से जमकर खिलवाड़ किया। जिससे नव निर्मित सड़क एक बरसात भी नही झेल पाई और बिना भारी वाहनों के आवागमन के बाद भी सड़क कई स्थानों पर धंस और फट गई। भ्रष्टाचार की शिकार हुई सड़क की फोटो को सोशल मीडिया पर ग्रामीणों ने पोस्ट करना शुरू किया तो घेरे में आए विभाग ने अब पुनः खराब हुए स्थल पर सड़क का निर्माण कराना शुरू कर दिया है। हालांकि पैचिंग कराने से सड़क की मजबूती और उसके टिकाऊपन को लेकर अब प्रश्न चिन्ह लग गया है। जानकारों का कहना है कि पैचिंग होने से सड़क में जहां उछाल हो जाएगा और सड़क पूर्व की भांति मजबूत भी नही रहेगी। इलाके में चर्चा है कि विधायक की जांच के बाद भी सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का न रुक पाना बहुत बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है? इलाके में चर्चा है कि विधायक की पूरी जांच पर विभाग और ठेकेदार की गठजोड़ भारी पड़ गई। अब देखना होगा कि क्या सड़क में हुए व्यापक स्तर पर हुए भ्रष्टाचार की जांच शासन स्तर पर होगी या मामलें को दबा दिया जाएगा ?।
