सोनभद्र, 24 सितंबर। जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत चोपन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन तस्करी के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 49.20 ग्राम अवैध हेरोइन और एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मेविस टॉक तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना चोपन पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि मो. अफजाल पुत्र मो. इकबाल, निवासी टिकरा उस्मान, थाना जैदपुर, जनपद बाराबंकी, ट्रेन से हेरोइन लेकर सोनभद्र आ रहा है। सूचना पर पुलिस ने उसके मोबाइल की लोकेशन ट्रैक कर डाला चढ़ाई स्थित अल्ट्राटेक पार्किंग के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी झाड़ियों की ओर भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 49.20 ग्राम हेरोइन और मोबाइल फोन बरामद हुआ।
इस संबंध में थाना चोपन पर मु.अ.सं. 373/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से हेरोइन की सप्लाई का काम करता है और सोनभद्र में कुछ लोगों को मादक पदार्थ पहुंचाने आया था। पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
लंबा आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपी मो. अफजाल के खिलाफ बाराबंकी और अयोध्या जिलों में एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है।
पहले भी पकड़े जा चुके हैं कई आरोपी
पुलिस ने बताया कि इसी मामले से जुड़े गिरोह के कई अन्य सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें डाला, अनपरा और शक्तिनगर क्षेत्र के कई आरोपी शामिल हैं, जिनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।
