पीलीभीतः गौरीशंकर मंदिर में चला स्वच्छता अभियान, श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश! गांधी जयंती पर स्वामी प्रवक्तानंद महाराज के नेतृत्व में ‘सेवा संकल्प अभियान’, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मिलकर की सफाई
October 02, 2026
पीलीभीत। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 128 विधानसभा क्षेत्र बरखेड़ा के गजरौला मंडल अंतर्गत ग्राम करोड़ स्थित पावन श्री गौरीशंकर मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत महामंडलेश्वर एवं बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद महाराज के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने श्रमदान कर मंदिर परिसर की साफ-सफाई की। अभियान के दौरान मंदिर परिसर में स्वच्छता के साथ आसपास के क्षेत्र को भी साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया गया। स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है। गांधी जयंती पर श्रमदान का उद्देश्य लोगों को अपने आसपास के स्थानों, गांवों और धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए निरंतर प्रेरित करना है।अभियान में मंडल अध्यक्ष कपिल सिंह के साथ मंडल के महामंत्री, उपाध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक और बूथ अध्यक्ष शामिल रहे। अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा के जिलाध्यक्ष दिनेश वर्मा, आर्यवीर वर्मा, खुशहाल वर्मा, श्रीकृष्ण वर्मा, लालता प्रसाद वर्मा, युगल वर्मा, अशोक लोधी, आनंद वर्मा, सोमेंद्र सिंह, इंद्रपाल लोधी, डालचंद वर्मा, परसादीलाल तथा दौलापुर के बूथ अध्यक्ष हीरालाल मौर्य सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीणों ने भी श्रमदान किया।अभियान के दौरान मौजूद लोगों ने स्वच्छता को नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाने और गांवों व मंदिर परिसरों को साफ-सुथरा रखने का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही स्वच्छता के संदेश को व्यापक रूप दिया जा सकता है।
