Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

प्रतापगढः जिले में देश के दो महापुरूषों की जयन्ती भव्यता पूर्वक मनायी गयी! सीडीओ, एडीएम सहित अन्य अधिकारियो ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर मार्ल्यापण कर श्रद्धांजलि अर्पित की


प्रतापगढ। जनपद में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती श्रद्धा एवं गरिमापूर्ण ढंग से मनाई गई। कलेक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि0ध्रा0) आदित्य प्रजापति, अपर उपजिलाधिकारी प्रथम पूर्णेन्दु मिश्र, अधिवक्तागण, कलेक्ट्रेट कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कलेक्ट्रेट के जनसुनवाई कक्ष में अपर जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर जीजीआईसी की छात्राओं ने रामधुन एवं भजन की मनमोहक प्रस्तुति देकर वातावरण को भावपूर्ण बना दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी आदित्य प्रजापति ने दोनों महापुरुषों की जयंती पर जनपदवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी सत्य एवं अहिंसा के पुजारी होने के साथ ही धर्म और सत्य के प्रति दृढ़ रहने वाले महान व्यक्तित्व थे। वहीं लाल बहादुर शास्त्री जी ने अपने जीवन से सादगी, सौम्यता, शालीनता एवं कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा दी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सादगी और सत्याग्रह के माध्यम से देश को स्वतंत्रता के मार्ग पर आगे बढ़ाया। उनका जीवन और विचार आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। गांधी जी ने समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने तथा कमजोर और वंचित वर्गों के उत्थान पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में आत्मसंयम और अपने ऊपर नियंत्रण होना अत्यंत आवश्यक है। महात्मा गांधी जी ने सत्य, अहिंसा के माध्यम से समाज को शांति एवं सद्भाव का मार्ग दिखाया। शांति, संयम और शिष्टाचार का मार्ग ही सबसे मजबूत मार्ग है। हमें अपने व्यवहार एवं आचरण में विनम्रता, धैर्य और अनुशासन को अपनाते हुए समाज में आपसी भाईचारे एवं सद्भाव को बढ़ावा देना चाहिए।

इस अवसर पर अपर उपजिलाधिकारी प्रथम पूर्णेन्दु मिश्र, जिला शासकीय अधिवक्ता राघवेन्द्र सिंह, अधिवक्ता डी0के0 पाण्डेय, विवेक उपाध्याय सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में जीजीआईसी के उप प्रधानाचार्य डा0 मो0 अनीस, धर्मेन्द्र ओझा, अधिवक्तागण, कलेक्ट्रेट कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। 

इसी प्रकार विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डा0 राममोहन मीना, परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, जिला विकास अधिकारी आलोक आर्य सहित अन्य अधिकारियों ने गांधी जयंती के अवसर पर महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। सीडीओ ने इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। इसके अलावा नगर पंचायतों एवं विकास खण्डों में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। पूरे जनपद में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती श्रद्धा एवं गरिमा के साथ मनाई गई।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |