बीसलपुरः दोस्त की हत्या का खुलासा! शराब पिलाकर पनघेली नदी किनारे गला घोंटने का आरोप, तीन गिरफ्तार
October 05, 2026
बीसलपुर। पुलिस ने शिवम शर्मा हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पहले शिवम के साथ शराब पी और बाद में उसे अपने साथ लेकर बरेली जनपद के खंजनपुर क्षेत्र में पहुंचे, जहां पनघेली नदी के पास प्लास्टिक के कट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त प्लास्टिक का कट्टा और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में रजनीश उर्फ सतेन्द्र कुमार पुत्र अवध बिहारी लाल उर्फ गोपाल निवासी अमरा करोड़, हरीश कुमार पुत्र रामचन्द्र निवासी खंजनपुर, थाना नवाबगंज, बरेली तथा मिथुन पुत्र कृष्णपाल निवासी अमरा करोड़, शामिल हैं। बताया गया कि 21 सितंबर को बिट्टो देवी पत्नी रामसहाय शर्मा निवासी मोहल्ला दुर्गाप्रसाद, बीसलपुर ने अपने 28 वर्षीय पुत्र शिवम शर्मा की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। तलाश के दौरान एसडीआरएफ, पीएसी, गोताखोरों और अन्य टीमों की मदद से शिवम का शव दो अक्टूबर को खंजनपुर स्थित पनघेली नदी से बरामद हुआ था। इसके बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मिथुन और रजनीश ने बीसलपुर में शराब पीने के बाद रास्ते से शिवम को अपने साथ लिया। इसके बाद भट्टी पर शराब पी और फिर तीनों हरीश के खंजनपुर स्थित घर पहुंचे। खाना खाने के बाद चारों ने शराब पी तथा पनघेली नदी के पास चले गए। पुलिस के मुताबिक वहीं प्लास्टिक के कट्टे से शिवम का गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे शिवम और मिथुन के बीच पूर्व में हुआ विवाद तथा रजनीश के 6500 रुपये का लेनदेन सामने आया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक सरकार अली, हेड कांस्टेबल मुनेश कुमार, कांस्टेबल परमजीत, सूर्या राठौर, रवि कुमार, रिजर्व कांस्टेबल विशु त्यागी और रविन्द्र शामिल रहे।
