19 अक्टूबर को प्रकाशित सूची का संबंधित तहसील एवं जिला निर्वाचन कार्यालय में किया जा सकता है निःशुल्क निरीक्षण
अमेठी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद अमेठी में मतदेय स्थलों के सम्भाजन एवं समायोजन की प्रक्रिया के तहत चार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों की प्रस्तावित सूची तैयार कर प्रकाशित कर दी गई है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योति सिंह ने बताया कि मतदेय स्थलों की सूची का आलेख्य प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को किया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद में सम्मिलित 178-तिलोई, 184-जगदीशपुर (अ.जा.), 185-गौरीगंज एवं 186-अमेठी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले मतदेय स्थलों की सूची संबंधित तहसील कार्यालयों एवं जिला निर्वाचन कार्यालय, अमेठी में निःशुल्क निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेगी। प्रकाशित सूची में यदि किसी व्यक्ति अथवा संबंधित पक्ष को किसी प्रकार की आपत्ति या सुझाव देना है, तो वह सूची के प्रकाशन की तिथि से एक सप्ताह के भीतर संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय, अमेठी में अपनी आपत्ति या सुझाव प्रस्तुत कर सकता है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित पक्षों से अपील की है कि वे प्रकाशित सूची का अवलोकन कर लें और यदि कोई आपत्ति अथवा सुझाव हो, तो निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित कार्यालय में उपलब्ध कराएं, ताकि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
