अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता का लिया जायजा, पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के दिए निर्देश
मुसाफिरखाना /अमेठी। दशहरा पर्व के मद्देनजर जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अमेठी पुलिस सतर्क है। मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने मुसाफिरखाना कस्बे में पैदल गश्त कर दशहरा मेला एवं रामलीला स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने मेले और रामलीला स्थल पर सुरक्षा संबंधी इंतजामों की जानकारी ली। साथ ही अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पैदल गश्त के दौरान एसपी ने स्थानीय नागरिकों एवं युवाओं से संवाद स्थापित किया। उन्होंने लोगों से दशहरा पर्व को आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने तथा कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए आवश्यक सतर्कता बरतने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। अमेठी पुलिस की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में लगातार भ्रमण और निगरानी की जा रही है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन की इस सक्रियता का उद्देश्य त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आमजन में विश्वास का वातावरण बनाए रखना है।
