अमेठीः विजयदशमी पर आरएसएस का बौद्धिक कार्यक्रम, निकला पथ संचलन
October 18, 2026
अमेठी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से अमेठी नगर में विजयदशमी उत्सव मनाया गया। सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित बौद्धिक कार्यक्रम में विभाग प्रचारक श्री प्रकाश जी ने समाज को संगठित करने और राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के बाद स्वयंसेवकों ने अनुशासित ढंग से पथ संचलन किया। नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विभाग प्रचारक श्री प्रकाश जी ने कहा कि विजयदशमी अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देता है। उन्होंने सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्यबोध, स्व आधारित जीवनशैली और कुटुंब प्रबोधन जैसे पंच परिवर्तन के विषयों को जीवन में अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन पांच विषयों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। मुख्य अतिथि ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव ने भी विजयदशमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वयंसेवकों से समाजहित में कार्य करने की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बौद्धिक कार्यक्रम के बाद पथ संचलन सरस्वती शिशु मंदिर से शुरू होकर तहसील, गांधी चैक, हनुमानगढ़ी, बस स्टॉप और एसडीएम कॉलोनी होते हुए पुनः विद्यालय पहुंचकर संपन्न हुआ। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। इस अवसर पर जिला प्रचारक पवन जी, नगर संघचालक अनूप कुमार, नगर कार्यवाह दिलीप, नगर प्रचारक संजय, डॉ. धर्मेंद्र कुमार तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल, काशी प्रसाद तिवारी, कुंवर अनंत विक्रम सिंह, महेंद्र मिश्र, दिनेश तिवारी, अंजनी मिश्र, अरुण कुमार सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
