अमेठीः मिशन शक्ति 6.0 के तहत पुलिस की पहल! महिलाओं को सुरक्षा और अधिकारों के प्रति किया जागरूक
October 18, 2026
अमेठी। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अमेठी पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 6.0 के तहत रविवार को जनपद के विभिन्न गांवों और धार्मिक स्थलों पर बहू-बेटी सम्मेलनों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में आयोजित इन कार्यक्रमों में जिले के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने सहभागिता की। रामगंज पुलिस ने मवैया व महलीपुर, बाजार शुक्ल पुलिस ने हरखूमऊ, मुसाफिरखाना पुलिस ने करपिया, मुंशीगंज पुलिस ने उलरा, इन्हौना पुलिस ने धीरापुर और भाले सुल्तान शहीद स्मारक पुलिस ने जलालपुरमाफी में महिलाओं को जागरूक किया। इसी क्रम में जामो पुलिस ने केशवपुर व गोममऊ, गौरीगंज पुलिस ने पहाड़गंज, कमरौली पुलिस ने सिन्दुरवा, जगदीशपुर पुलिस ने रुदा पूर्वा व भीखनपुर तथा फुरसतगंज पुलिस ने पूरे भावा मजरे निगोहा में सम्मेलन आयोजित किए। इसके अतिरिक्त शिवरतनगंज पुलिस ने अहोरवा भवानी मंदिर, गौरीगंज पुलिस ने दुर्गनभवानी धाम, अमेठी पुलिस ने चतुर्भुज गांव और मुसाफिरखाना पुलिस ने औरंगाबाद में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। सम्मेलनों में महिलाओं को घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, महिला संबंधी अपराधों और साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस टीमों ने महिलाओं को किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में बिना डर के पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान 1090 महिला पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन पुलिस सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 1930 साइबर हेल्पलाइन के बारे में भी जानकारी दी गई। अमेठी पुलिस ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के लिए मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे।
