पीलीभीत। गांधी जयंती के अवसर पर शहर के ओम लॉन में बच्चों की कल्पनाओं ने रंगों का रूप लेकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीरों को जीवंत कर दिया। हॉबीज हेरिटेज रिसर्च ट्रस्ट की ओर से आयोजित कला प्रतियोगिता में टाइनी रोजेस पब्लिक स्कूल की कक्षा पांच से आठ तक के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में बच्चों ने कैनवास और कागज पर बापू के चित्र उकेरते हुए उनके व्यक्तित्व और विचारों को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। किसी ने गांधी जी के चश्मे और चरखे को अपनी कलाकृति का केंद्र बनाया तो किसी ने उनके संदेशों को चित्रों के जरिए सामने रखा। बच्चों की कलाकृतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।
सीनियर वर्ग में पलक नेगी ने प्रथम, अर्चित लोधी ने द्वितीय और सौम्या लोधी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में नित्या प्रथम, अरनव सैनी द्वितीय और लक्ष्य गंगवार तृतीय स्थान पर रहे। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
डॉ. आस्था अग्रवाल ने कहा कि कला केवल प्रतिभा दिखाने का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों की सोच और संवेदनाओं को अभिव्यक्त करने का सशक्त जरिया है। ऐसे आयोजनों से बच्चों की रचनात्मक क्षमता विकसित होने के साथ उन्हें महापुरुषों के जीवन और विचारों को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय रमाकांत शर्मा की 75वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस मौके पर ट्रस्ट के संरक्षक डॉ. एसपीएस संधू, अध्यक्ष डॉ. अमिताभ अग्निहोत्री, सचिव हर्षल सिंह, साकेत सक्सेना, विक्रम सेन सक्सेना, राकेश कुमार, दीपक श्रीवास्तव, विजय जायसवाल, गुंजन वाधवा, अमित शर्मा, मुकुल अग्रवाल, प्रधानाचार्य मोहिनी देवी, हेड मिस्ट्रेस रिंकी धामी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
