लखनऊ। गोमती नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण जलभराव से प्रभावित मिश्रीबाग, मल्लाही टोला, हरी नगर एवं कैटल कॉलोनी क्षेत्र का क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उनकी समस्याओं की जानकारी ली। विधायक ने मौके पर मौजूद स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम एवं लखनऊ विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को प्रभावित लोगों को तत्काल राहत एवं बचाव सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान विधायक डॉ. बोरा ने कैटल कॉलोनी स्थित लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित दोनों पंप हाउसों का निरीक्षण भी किया और जल निकासी की व्यवस्था की जानकारी ली।
विधायक ने मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी से वार्ता कर जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अस्थाई अस्पताल स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्थाई अस्पताल में चिकित्सकों की नियमित उपलब्धता बनाए रखने के साथ ही प्रभावित लोगों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही घर-घर क्लोरीन की गोलियां वितरित करने के निर्देश दिए, ताकि दूषित पानी से होने वाली बीमारियों की रोकथाम की जा सके।
नगर निगम अधिकारियों से विधायक ने प्रभावित परिवारों के लिए अस्थाई रैन बसेरा व आश्रय की व्यवस्था एवं भोजन की सुविधा उपलब्ध कराने को कहा। इसके साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से एंटी लार्वा का छिड़काव कर मच्छरों से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के निर्देश दिए।
डॉ. बोरा ने अधिकारियों से कहा कि जलभराव क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और जरूरतमंद परिवारों को भोजन, स्वास्थ्य, आश्रय एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
इस अवसर पर संयुक्त सचिव एलडीए अरविंद द्विवेदी, अधिशासी अभियंता अशोक कुमार, सहायक अभियंता अतुल मिश्रा, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद राय, जोनल अधिकारी अमरजीत यादव, अधिशासी अभियंता अशोक यादव, पार्षद सी.बी. सिंह, अनुराग मिश्रा, राम अवतार कनौजिया, मंडल अध्यक्ष दया पांडेय, सतीश शर्मा, सुशील तिवारी, पीयूष तिवारी, रितेश कनौजिया, अरविंद कश्यप एवं अनुराग श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।
