बीसलपुरः प्रगतिशील किसान यशवंत सिंह की नई पहल प्राकृतिक विधि से तिल और उड़द की फसल की
October 04, 2026
बीसलपुर ।केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान और कृषि विभाग के मार्गदर्शन में क्षेत्र के ग्राम चैसरा के प्रगतिशील किसान यशवंत सिंह ने पर्यावरण-अनुकूल खेती की एक अनुकरणीय मिसाल पेश की है। उन्होंने अपने दो एकड़ खेत में पूर्णतः प्राकृतिक विधि से तिल और उड़द की फसल उगाई है।इस फसल की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें किसी भी प्रकार के रासायनिक खाद या जहरीले कीटनाशकों का प्रयोग नहीं किया गया है। इसके बावजूद उनकी फसल खेत में हरी-भरी लहरा रही है। मौके पर किसान यशवंत सिंह ने बताया कि प्राकृतिक तकनीकों के प्रयोग से फसल में सामान्य से अधिक पैदावार की उम्मीद है। हालांकि, जनपद में हुई अत्यधिक वर्षा और क्षेत्र के मॉइश्चराइजर (नमी वाले) वातावरण के कारण फसल को फंगस से आंशिक नुकसान भी पहुंचा है।गौरतलब है कि बीसलपुर क्षेत्र के यह प्रगतिशील किसान अपनी नवाचारी खेती के लिए जाने जाते हैं। गत वर्ष इन्होंने हल्दी की औद्योगिक एवं मसाला खेती में उत्कृष्ट उत्पादन हासिल किया था, जिसके लिए उन्हें जिलाधिकारी की गरिमामयी मौजूदगी में आयोजित जिला स्तरीय कृषक गोष्ठी सम्मेलन में सम्मानित भी किया जा चुका है। प्राकृतिक खेती की ओर उनका यह कदम अन्य स्थानीय किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बन रहा है।
