Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

संग्रामपुर: पीस कमेटी की हुई बैठक


संग्रामपुर/अमेठी। दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रविवार, 4 अक्टूबर को संग्रामपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी संजय सिंह ने की। इसमें क्षेत्र की विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी, सदस्य और ग्राम प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में थाना प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बैठक बुलाई गई है। उन्होंने दुर्गा पूजा समितियों को निर्देश दिया कि मूर्तियों को लाने और विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार का उपद्रव नहीं होना चाहिए। सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा और दशहरा जैसे पर्व हमारी सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। ऐसे में सभी समितियों और क्षेत्रीय नागरिकों की जिम्मेदारी है कि त्योहार को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करें। बैठक में जानकारी दी गई कि संग्रामपुर क्षेत्र में करीब 75 देवी प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सभी पूजा समितियों से व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की। बैठक में कालिकन धाम के पीठाधीश्वर श्री महाराज सहित भवसिंहपुर, संग्रामपुर, सोनारीकनू, कनू, सरैया बड़गांव, सरैया कनू, नेवादा कनू, जरौटा, उत्तरगांव बड़गांव और पुन्नपुर समेत विभिन्न गांवों की दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्ष व सदस्य मौजूद रहे। इसके अलावा ओम प्रकाश द्विवेदी, बृजेश मिश्रा, खौंपुर बुजुर्ग के प्रधान प्रतिनिधि अरविंद सिंह, कनू के प्रधान प्रतिनिधि गया प्रसाद गुप्ता, नेवादा कनू के प्रधान प्रतिनिधि मेवा लाल और पुन्नपुर के प्रधान प्रतिनिधि जगदेव सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने बैठक में सहभागिता की। सभी ने त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने में सहयोग का भरोसा दिलाया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |