- अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस खिलाड़ी डॉ. परविंदर सिंह सैहमी ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
पीलीभीत। गांधी स्टेडियम में चल रही योनेक्स सनराइज यूपी स्टेट जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप के तीसरे दिन शुक्रवार को मुकाबलों का रोमांच चरम पर पहुंच गया। प्री-क्वार्टर फाइनल और राउंड-16 के मैचों में प्रदेशभर से आए शटलरों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया। कोर्ट पर कहीं एकतरफा जीत देखने को मिली तो कहीं खिलाड़ियों के बीच आखिरी अंक तक संघर्ष चला। शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों ने अगले दौर में प्रवेश कर खिताबी दौड़ में अपनी दावेदारी मजबूत की।प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस खिलाड़ी डॉ. परविंदर सिंह सैहमी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल महेंद्रू और सचिव मनोज गंगवार ने बुके देकर उनका स्वागत किया। डॉ. सैहमी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे खेल आयोजनों से प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और प्रदेशभर में पीलीभीत की पहचान मजबूत होती है।
बॉयज सिंगल्स अंडर-19 के मुकाबलों में नोएडा के आरव यादव ने झांसी के श्रेयांश त्रिपाठी को 15-6, 15-10 से हराकर शानदार शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने मेरठ के अभिनव पंगाल को 15-12, 15-5 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। आगरा के शुभम सोलंकी ने कानपुर के श्रेष्ठ शुक्ला और झांसी के सनरेखों चैरसिया को पराजित कर अपनी चुनौती मजबूत की।आजमगढ़ के प्रशांत पाठक ने गाजियाबाद के निर्वन चैधरी को तीन गेम तक चले मुकाबले में 18-16, 10-15, 15-11 से हराया। बाद में उन्होंने मुरादाबाद के आर्यन भट्ट को 15-11, 15-6 से शिकस्त दी। मेरठ के कार्तिक त्यागी ने जौनपुर के तेजस्व गुप्ता को 15-10, 15-8 से मात दी।नोएडा के एकलव्य खारीवाल ने भदोही के अनूप पाल को 15-12, 15-13 से हराया और बाद में आगरा के पृथ्वी सिंह राणा को 15-13, 17-15 से पराजित किया। मुरादाबाद के देवंग तोमर ने गाजियाबाद के सत्यम यादव और प्रयागराज के प्रखर तिवारी को हराकर अपनी ताकत दिखाई। अलीगढ़ के इश्मीत सिंह ने गाजियाबाद के निशांत को 15-5, 15-7 से हराया। बाद के मुकाबले में उन्होंने अयोध्या के आयुष मिश्रा के खिलाफ 20-21, 15-5, 15-11 से संघर्षपूर्ण जीत दर्ज की।
गर्ल्स सिंगल्स अंडर-19 में नोएडा की अग्रिमा सिंह को वाराणसी की आंचल चैहान के खिलाफ वॉकओवर मिला। गोरखपुर की शगुन ने गाजियाबाद की रागी शर्मा को 15-7, 15-4 से हराया। आगरा की कुहू ने अयोध्या की निष्ठा वर्मा को 15-4, 15-8 से पराजित किया, जबकि वाराणसी की नाइशा वर्मा ने गाजियाबाद की भावना को 15-5, 15-7 से मात दी। उन्नाव की अमिषा मिश्रा और नोएडा की श्रुति चैहान के बीच भी कड़ा मुकाबला हुआ।आयोजन के दौरान मधुर वाणी इन्फो के निदेशक वेद प्रकाश कश्यप, उपाध्यक्ष डॉ. अमिताभ अग्निहोत्री, विक्रम बिष्ट, अनुपम त्रिपाठी, अरविंद सिंह, जगन्नाथ प्यार, सौरभ पांडे और विक्रांत शर्मा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहेप्रतियोगिता को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में मैच अधिकारियों की अहम भूमिका रही। उन्नाव के मयंक कुमार ने मैच रेफरी और अभिषेक कुमार ने मैच कंट्रोलर की जिम्मेदारी निभाई। स्टेट अंपायरों की टीम में सहारनपुर के मनीष कुमार, फैजाबाद के अमन त्रिपाठी, वाराणसी की सुप्रिया सिंह, उन्नाव की अंजली पटेल और जितेंद्र सिंह, आगरा के हरेंद्र कुमार, महराजगंज के हर्षित शुक्ला, हापुड़ के उत्सव शर्मा तथा संत कबीर नगर के अभिषेक पटेल शामिल रहे।
