प्रतापगढ़। जिले में पतंजलि योग समिति के जिला कार्यालय, पूरे बेदुआ, प्रतापगढ़ में जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह के आह्वान पर कार्यकारिणी की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में नियमित योग शिविरों की समीक्षा के साथ संगठन विस्तार, योग शिक्षक प्रशिक्षण, सदस्यता अभियान तथा जनजागरूकता कार्यक्रमों को गति देने पर चर्चा हुई। साथ ही पतंजलि योग समिति सहित पाँचों संबद्ध संगठनों की नियमित मासिक बैठक आयोजित करने पर जोर दिया गया।
बैठक के मुख्य वक्ता दुर्गेश योगी ने कहा कि योग करने और कराने में ही अनेक समस्याओं के समाधान का मार्ग निहित है। योग को केवल रोगों के निवारण तक सीमित न रखकर आध्यात्मिक जुड़ाव और आत्मिक उन्नति का माध्यम भी बनाना चाहिए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से नियमित योग कक्षाओं का संचालन करने तथा अपने विचारों को व्यवहार में उतारने का आह्वान किया।
जिला प्रभारी गोविंद जी ने वर्ष 2026 में आयोजित योग शिविरों, शिक्षक प्रशिक्षण एवं सदस्यता कार्यक्रमों की जानकारी दी। बैठक में निर्णय लिया गया कि पतंजलि योग समिति, भारत स्वाभिमान, महिला पतंजलि योग समिति सहित पाँचों संगठनों की नियमित मासिक बैठक प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को आयोजित की जाएगी। भारत स्वाभिमान प्रभारी भूपेंद्र जी के प्रस्ताव पर सदस्यता बढ़ाने, सभी पदाधिकारियों की योग कक्षाओं में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा योग शिक्षकों को राष्ट्रीय कार्यालय द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शामिल कराने पर भी सहमति बनी।
बैठक में योग के माध्यम से रोगों पर विजय की थीम के अंतर्गत प्राणायाम एवं विभिन्न योगासनों के नियमित अभ्यास पर विशेष जोर दिया गया।सहप्रभारी प्रवीण जी ने योग कक्षाओं को अधिक प्रभावी और जनोपयोगी बनाने के लिए नवीन गतिविधियां जोड़ने तथा जन्मदिन एवं वैवाहिक वर्षगांठ जैसे अवसरों को सामूहिक रूप से मनाकर लोगों की योग के प्रति रुचि बढ़ाने का सुझाव दिया।
अमित शुक्ल ने पौधारोपण, विधिक साक्षरता, स्वास्थ्य परीक्षण एवं अन्य सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को श्योग पर चर्चाश् कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव देते हुए कहा कि योग समिति को स्वास्थ्य एवं आध्यात्मिक जागरूकता के साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कैप्टन प्रमोद पाण्डेय ने हर घर संपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने पर बल दिया। वहीं सदर तहसील प्रभारी पुष्पराज मिश्रा ने कहा कि योग की अनुभूति में ही आनंद है। उन्होंने योग को जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाने तथा शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन स्थापित करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
बैठक में संगठन की गतिविधियों के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग करने, प्रत्येक योग कक्षा की प्रतिदिन एक फोटो निर्धारित योग समूह में साझा करने तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय के लिए प्रतिमाह कम से कम एक ऑनलाइन बैठक आयोजित करने पर सहमति बनी। संगठन मंत्री धीरज जी के द्वारा अक्टूबर माह में सहभोज के साथ कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया, जिसमें पुराने एवं नए कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किए जाने पर सहमति बनी ।
इस अवसर पर हरिद्वार से प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटे योग प्रशिक्षकों को मुख्य योग शिक्षक के प्रमाणपत्र वितरित किए गए। प्रमाणपत्र प्राप्त करने वालों में योग प्रशिक्षिका सुचिता, कैप्टन प्रमोद पाण्डेय, प्रियंका गुप्ता, सृष्टि अग्रवाल, आस्था सिंह, सुचिता सिंह, शुभम मिश्रा, अनु पंजवानी, मेनका श्रीवास्तव, सपना गुप्ता और गौरी देवी शामिल रहीं। सुचिता को संगठन में उनके योगदान के लिए प्रमाणपत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
बैठक में भारत स्वाभिमान के जिला प्रभारी भूपेंद्र सिंह, पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी गोविंद, भारत स्वाभिमान के जिला सह प्रभारी प्रवीण, जिला संगठन मंत्री धीरज, सदर तहसील प्रभारी पुष्पराज मिश्रा, भूतपूर्व सैनिक एवं पतंजलि योगपीठ के आजीवन सदस्य कैप्टन प्रमोद पाण्डेय, मीडिया प्रभारी अमित शुक्ल तथा योग प्रशिक्षिका सुचिता सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में योग को जन-जन तक पहुंचाने, नियमित योगाभ्यास के लिए लोगों को प्रेरित करने तथा सामाजिक एवं आध्यात्मिक चेतना के विस्तार के संकल्प के साथ बैठक संपन्न हुई।
