गाजीपुर: गांधी जयंती पर पुलिस ने लिया सत्य-अहिंसा और जनसेवा का संकल्प, निरीक्षक गीता राय सम्मानित
October 02, 2026
गाजीपुर। गांधी जयंती के अवसर पर गाजीपुर पुलिस लाइन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर पुलिस अधीक्षक समेत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान महात्मा गांधी के जीवन-संघर्ष, सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेशों पर प्रकाश डाला गया। पुलिसकर्मियों ने गांधी जी के बताए मार्ग पर चलने तथा सत्य, अहिंसा, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के मूल्यों को अपने आचरण में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान निरीक्षक गीता राय को अति उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया। वहीं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों और सफाईकर्मियों को कंबल वितरित किए गए। पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को गांधी जयंती की शुभकामनाएं देते हुए गांधी जी के आदर्शों को जनसेवा के माध्यम से आगे बढ़ाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी लाइन, क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रतिसार निरीक्षक समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
