Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पीलीभीतः राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य-अहिंसा और शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन से राष्ट्रसेवा की सीख लें - आस्था अग्रवाल


नगर पालिका में ध्वजारोहण के बाद महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि, स्वच्छता, ईमानदारी और जनसेवा को बताया जिम्मेदारी


पीलीभीत। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को नगर पालिका परिषद पीलीभीत में श्रद्धा और देशभक्ति का वातावरण नजर आया। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया। इसके बाद महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने कहा कि गांधी जयंती और शास्त्री जयंती केवल दो महान व्यक्तित्वों को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपने व्यवहार और कार्यशैली में उतारने का संकल्प लेने का दिन है। महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और जनभागीदारी को राष्ट्रनिर्माण का आधार बनाया। उन्होंने यह संदेश दिया कि समाज में स्थायी परिवर्तन केवल शासन के प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और सहभागिता से संभव है।

उन्होंने कहा कि गांधी जी का स्वच्छता के प्रति विशेष आग्रह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। स्वच्छ शहर केवल सफाई कर्मचारियों के प्रयास से नहीं बनता, बल्कि इसमें नागरिकों की जागरूकता और जिम्मेदारी भी बराबर की होती है। नगर पालिका का दायित्व है कि वह शहर में स्वच्छता, प्रकाश, जलनिकासी और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य करे, वहीं नागरिकों को भी सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने और नगर व्यवस्था में सहयोग देने का संकल्प लेना चाहिए। पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को अपने जीवन का आधार बनाया। उनका जीवन यह सिखाता है कि पद की ऊंचाई से ज्यादा महत्वपूर्ण व्यक्ति का आचरण और राष्ट्र के प्रति उसकी निष्ठा होती है। देश के कठिन दौर में उन्होंने नागरिकों में आत्मविश्वास जगाया और “जय जवान, जय किसान” का संदेश देकर देश की सुरक्षा तथा कृषि व्यवस्था के महत्व को रेखांकित किया।

नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि आज के दौर में गांधी और शास्त्री के विचारों को केवल भाषणों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें प्रशासन, जनसेवा और सामाजिक जीवन में व्यवहार का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों से भी पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ नागरिकों की समस्याओं का समाधान करने का आह्वान किया।

इस दौरान अधिशासी अधिकारी संजीव कुमार समेत नगर पालिका कार्यालय के कर्मचारी संतोष बाबू, रोशन लाल, साबिर अली, सत्येंद्र प्रकाश, कमलेश वर्मा, शैलेंद्र गौतम, प्रमोद कुमार, अमर किशोर बाबू सहित समस्त कर्मचारी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |