Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

मेरठ: जिलाधिकारी व एसएसपी की उपस्थिति में आयोजित की गई केन्द्रीय शांति समिति की बैठक! त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी-जिलाधिकारी


मेरठ। आगामी दुर्गा पूजा, नवरात्रि, दशहरा, वाल्मीकि जयंती, गोवर्धन पूजा, भैयादूज, दीपावली एवं छठ पूजा सहित अन्य त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से आज रिजर्व पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देशीय हॉल में जिलाधिकारी डा0 वी0के0 सिंह एवं एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति की उपस्थिति में केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रबुद्धजन, आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा कार्यक्रमो के संबंध में अपने-अपने सुझाव दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी एसीएम, एसडीएम, क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि त्यौहारों से संबंधित शोभायात्रा, जुलूस, मेला एवं अन्य आयोजन स्थलों तथा उनके मार्गों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कराई जाएं। उन्होंने साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, पेयजल, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों से जुड़े व्यक्तियों के साथ निरंतर संवाद एवं समन्वय बनाए रखने को कहा, ताकि किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी तथा पूर्व से चली आ रही पारंपरिक व्यवस्थाओं के अनुरूप ही आयोजन संपन्न कराए जाएंगे। आयोजकों से निर्धारित समय से अनुमति हेतु आवेदन उपलब्ध कराने की अपील की गई, ताकि आवश्यक कार्यवाही समय से पूर्ण की जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को आयोजन स्थलों को चिन्हित कर वहां आवश्यकतानुसार एंबुलेंस एवं स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निगम को आयोजन स्थलों एवं मार्गों पर साफ-सफाई, आवश्यक सड़क मरम्मत तथा मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा गया। विद्युत विभाग को जुलूस, शोभायात्रा एवं मेला स्थलों पर विद्युत तार, पोल एवं विद्युत आपूर्ति की पूर्व जांच कराने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि त्यौहार रजिस्टर का अवलोकन करते हुए पूर्व में घटित घटनाओं, पारंपरिक जुलूस एवं शोभायात्रा मार्गों तथा मेला स्थलों की समीक्षा कर आवश्यक पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि चिन्हित स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ ही यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखा जाए। उन्होंने आयोजन समितियों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा आयोजनों में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही, असामाजिक तत्वों पर सतर्क निगरानी रखने एवं किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित न होने देने को कहा।

जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने सभी प्रबुद्धजनों एवं आयोजन समितियों से अपील की कि त्यौहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं सहयोग के साथ मनाएं तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारी को अवगत कराएं, जिससे उसका समयबद्ध निस्तारण कराया जा सके। 

इस अवसर पर नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, सचिव एमडीए बृजेश सिंह, सीएमओ डा0 राम प्रसाद, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विजय वर्धन तोमर, अपर जिलाधिकारी (नगर) आदित्य कुमार प्रजापति, अपर जिलाधिकारी (वि0ध्रा0) कुंवर वीरेन्द्र मौर्य, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले, एसपी देहात अभिजीत कुमार, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रबुद्धजन, आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |