लखनऊ: राजधानी के कृष्णा नगर सरोजनी नगर सेकंड वार्ड में जलभराव का कहर, चैधरी जनरल स्टोर के सामने नाली का पानी सड़क पर, 8-8 लाख की दो फाइलें भी 3 साल से लंबित
October 04, 2026
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के कृष्णा नगर क्षेत्र के सरोजनी नगर सेकंड वार्ड स्थित मानस नगर में जलभराव ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मानस नगर के चैधरी जनरल स्टोर के सामने की स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। यहां नाली के पानी की निकासी की कोई व्यवस्था सही न होने के कारण नालियों का गंदा पानी सड़कों पर ही बहता रहता है और मामूली बारिश में ही घुटने तक पानी भर जाता है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क पर बहते नाली के पानी से आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है, घरों में पानी घुस जाता है और बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।3 साल से विकास से वंचित, दो टुकड़ों में बंटी फाइल भी अधर में - क्षेत्र के लोगों के अनुसार पिछले 3 साल से इस गली को न तो सभासद निधि मिली, न विधायक निधि और न ही नगर निगम की किसी अन्य विकास निधि से लाभ मिल पाया है।पहले जल निकासी और नाली निर्माण के लिए 16 लाख की एक फाइल नगर निगम में लगाई गई थी, जो 3 साल तक एक टेबल से दूसरे टेबल पर घूमती रही। बाद में उसे 8-8 लाख की दो अलग-अलग फाइलों में बांटा गया, लेकिन इसके बावजूद आज तक एक भी फाइल स्वीकृत नहीं हो सकी।मानस नगर, चैधरी जनरल स्टोर के सामने रहने वाले लोगों ने महापौर और नगर आयुक्त से मांग की है कि जलभराव की इस गंभीर समस्या को देखते हुए लंबित दोनों फाइलों को तत्काल स्वीकृत कर नाली निर्माण और जल निकासी का कार्य शुरू कराया जाए।
