बीसलपुर। विदेश में नौकरी और वीजा दिलाने का झांसा देकर 2 लाख 30 हजार रुपये लेने तथा पासपोर्ट अपने पास रखने का मामला सामने आया है। ग्राम शेरगंज निवासी कुलदीप कुमार ने एक व्यक्ति पर रकम वापस मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में कुलदीप ने बताया कि उसकी मुलाकात मिथुन सिंह से हुई थी। आरोप है कि मिथुन ने उसे सऊदी अरब में नौकरी और वीजा दिलाने का भरोसा दिया। नौकरी की उम्मीद में कुलदीप ने आरोपी को कुल 2 लाख 30 हजार रुपये दिए। इनमें 1 लाख 80 हजार रुपये ऑनलाइन और 50 हजार रुपये नकद दिए जाने की बात कही गई है। कुलदीप के अनुसार, आरोपी ने दो माह के भीतर नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया था। विदेश भेजने की प्रक्रिया के नाम पर उसका मूल पासपोर्ट और अन्य जरूरी दस्तावेज भी अपने पास रख लिए। निर्धारित समय बीतने के बाद न नौकरी की व्यवस्था हुई और न ही वीजा मिला।
आरोप है कि रकम और पासपोर्ट वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगा। विरोध करने पर कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने पुलिस को ऑनलाइन भुगतान की रसीद, व्हाट्सऐप चैट, पासपोर्ट समेत अन्य साक्ष्य उपलब्ध होने की बात कही है। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर रकम और मूल पासपोर्ट वापस दिलाने की मांग की है। कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
