पीलीभीतः विकसित भारत युवा संसद 2026-27 में युवाओं को मिलेगा अपनी आवाज बुलंद करने का मौका! 18 से 25 वर्ष के युवा कर सकेंगे प्रतिभाग, जिला स्तर से राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का अवसर
October 19, 2026
पीलीभीत। युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा विकसित भारत युवा संसद 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर अपने विचार रखने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझने का अवसर मिलेगा।प्रतियोगिता का आयोजन तीन चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में जिला स्तरीय प्रतियोगिता होगी, जिसमें प्रतिभागी निर्धारित विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय मंच पर युवा संसदीय प्रक्रिया के अनुरूप संवाद और विचार-विमर्श में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।कार्यक्रम के जिला स्तरीय चरण का प्रस्तावित विषय ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ निर्धारित किया गया है। राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के विषयों की घोषणा बाद में की जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए युवाओं की आयु 18 से 25 वर्ष निर्धारित की गई है। पात्र युवा माय भारत पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं।इस पहल का उद्देश्य युवाओं में तार्किक चिंतन, निर्णय लेने की क्षमता, संवाद कौशल और दूसरे विचारों के प्रति सम्मान एवं सहिष्णुता की भावना विकसित करना है। साथ ही, उन्हें सार्वजनिक मुद्दों पर अपने विचार प्रभावी ढंग से रखने और विकसित भारत के संकल्प में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।मेरा युवा भारत के जिला युवा अधिकारी ने जनपद के पात्र युवाओं, विद्यार्थियों और युवा संगठनों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाकर लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।पंजीकरण एवं जानकारी इच्छुक युवा आधिकारिक माय भारत पोर्टल पर जाकर कार्यक्रम से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
.jpg)