डीसीएम में धान के भूसे और प्लास्टिक बोरों के बीच छिपाकर बिहार ले जाई जा रही थी शराब, कीमत करीब 10 लाख रुपये
मैनपुरी। जनपद में अपराधियों और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बेवर पुलिस ने स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए पंजाब राज्य की 202 पेटी अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से हरियाणा निवासी एक आरोपी को डीसीएम सहित गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। शराब पंजाब से बिहार के समस्तीपुर ले जाई जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना बेवर पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आयशर कंपनी की डीसीएम में धान के भूसे और प्लास्टिक बोरों के बीच छिपाकर पंजाब की अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने इटावा रोड कट के पास जीटी रोड पर मझोला नहर के निकट वाहन की चेकिंग की। तलाशी के दौरान डीसीएम से रॉयल स्टैग ब्रांड की 750 एमएल की बोतल और मैकडॉवेल्स नंबर-1 ब्रांड की 375 एमएल की हाफ बोतल के विवरण के साथ कुल 202 पेटी शराब बरामद हुई। पुलिस ने वाहन चालक फलकूराम पुत्र दीवानचन्द्र, निवासी सोनाली रोड, चनीवाग, जिला पानीपत, हरियाणा (उम्र 55 वर्ष) को सुबह करीब 10.05 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब पंजाब से बिहार के समस्तीपुर ले जाई जा रही थी। उसने यह भी बताया कि आयशर वाहन के मालिक के बेटे ललित कुमार ने शराब लोड कराकर भेजी थी। आरोपी के कथन के अनुसार, बिहार में शराब की एक बोतल करीब 2,000 रुपये में बेची जाती है। पुलिस ने मामले में ललित कुमार पुत्र लाल सिंह, निवासी ग्राम सलौरी चकुस्था, जिला कुल्लू, हिमाचल प्रदेश को फरार बताया है। उसके संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से तलाशी में 510 रुपये, एक नया आईटेल मोबाइल फोन, 202 पेटी अवैध शराब और आयशर डीसीएम बरामद की है। इस मामले में थाना बेवर पर मुकदमा अपराध संख्या 576ध्2026 के तहत धारा 60ध्63ध्72 आबकारी अधिनियम तथा धारा 318(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना बेवर के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल सिंह, सर्विलांस प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुखवीर सिंह, उपनिरीक्षक ऋषिपाल सिंह सहित थाना बेवर, स्वाट और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
