लखनऊः बीएलएस इंटर कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया दशहरा, 18 फीट के रावण का दहन! विधायक डॉ. नीरज बोरा रहे मुख्य अतिथि, रामायण के पात्रों के रूप में सजे बच्चों ने मोहा मन
October 18, 2026
लखनऊ। ठाकुरगंज स्थित बीएलएस इंटर कॉलेज में दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की शुरुआत विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय श्री गंगा प्रसाद साहू की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद विद्यालय प्रबंधक संदीप साहू एवं डायरेक्टर प्रदीप साहू ने मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।कार्यक्रम में छात्र-छात्राएं भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान जी और उनकी वानर सेना सहित रामायण के विभिन्न पात्रों के स्वरूप में नजर आए। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद विधायक डॉ. नीरज बोरा की उपस्थिति में 18 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। आतिशबाजी के बीच विद्यालय परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।विधायक डॉ. नीरज बोरा ने विद्यार्थियों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। उन्होंने बच्चों से अच्छे संस्कार अपनाने, सत्य के मार्ग पर चलने और अपने भीतर की बुराइयों को दूर करने का आह्वान किया।विद्यालय प्रबंधक संदीप साहू ने दशहरा पर्व की महत्ता बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ते हैं।इस अवसर पर प्रबंधक संदीप साहू, डायरेक्टर प्रदीप साहू, प्रधानाचार्य रवि किशोर, उप प्रधानाचार्य रोमा जाफरी, रत्ना गुप्ता, उमा शर्मा सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
