सोनभद्र, 18 सितम्बर 2026। नगर पंचायत पिपरी में स्वच्छता व्यवस्था संभालने वाले सफाई कर्मियों के सम्मान और गरिमा को बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को एक नई पहल की शुरुआत की गई। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सफाई कर्मियों को ट्रैकसूट एवं जूते वितरित कर उन्हें ‘दोस्त-मित्र’ के नाम से नई पहचान देने की पहल का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान सफाई कर्मियों ने नई वेशभूषा धारण की और जिलाधिकारी ने उनके साथ बैठकर सामूहिक फोटो खिंचवाई। इस अवसर पर सफाई कर्मियों में उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला।
जिलाधिकारी ने कहा कि नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सफाई कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। वे प्रतिदिन आमजन को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए मेहनत करते हैं। उनके कार्यों के प्रति सम्मान और अपनत्व की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से उन्हें ‘दोस्त-मित्र’ की नई पहचान दी गई है। उन्होंने कहा कि नई वेशभूषा से सफाई कर्मियों की विशिष्ट पहचान भी सुनिश्चित होगी।
डीएम ने सफाई कर्मियों से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की तथा स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, नगर पंचायत पिपरी के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं सफाई कर्मी उपस्थित रहे।

