रॉबर्ट्सगंज, 18 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत उच्च प्राथमिक विद्यालय रॉबर्ट्सगंज में शुक्रवार को ‘मेरे सपनों का भारत’ विषयक कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने रंगों और कल्पनाओं के माध्यम से विकसित, समृद्ध एवं सशक्त भारत की तस्वीर उकेरी।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ बच्चों के बीच पहुंचे और उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं भी ब्रश और रंग थामकर चित्रकला में सहभागिता की तथा बच्चों के साथ बैठकर पेंटिंग में रंग भरे। डीएम को अपने बीच पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता व कल्पनाशीलता की सराहना की।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों की सृजनात्मक क्षमता को विकसित करने के साथ-साथ उन्हें देश और समाज के प्रति सकारात्मक सोच के लिए प्रेरित करती हैं। बच्चों की पेंटिंग में विकसित भारत के सपनों की सुंदर झलक दिखाई दी।
इस अवसर पर डीएम ने विद्यालय में संचालित मिड-डे-मील व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, खंड शिक्षा अधिकारी, विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
