Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

Sonebhadra: प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित नमो मैराथन में दौड़े युवा, खेल सुविधाओं के विस्तार का मिला आश्वासन।

रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को सोनभद्र में नमो मैराथन का आयोजन किया गया। ‘दौड़ेगा युवा, बढ़ेगा देश का मान’ एवं ‘फिट इंडिया’ के संदेश के साथ आयोजित इस मैराथन में जिले के बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में जनपद के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, राज्य मंत्री संजीव गोंड तथा विधान परिषद सदस्य विनीत सिंह ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
मैराथन के दौरान युवाओं में जबरदस्त जोश और उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल एवं फिटनेस से जोड़ते हुए स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान प्रतिभागियों ने जिले में बेहतर खेल मैदान, स्टेडियम तथा खेल उपकरण उपलब्ध कराने की आवश्यकता भी उठाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने नमो मैराथन के आयोजक एवं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मांगों को गंभीरता से लिया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर प्रदेश के खेल मंत्री से वार्ता कर सोनभद्र में बड़े स्टेडियम के निर्माण का प्रस्ताव रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि पूर्व में भी मिनी स्टेडियम के निर्माण को लेकर चर्चा हुई है तथा जिले में भूमि की कोई कमी नहीं है। ऐसे में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा, ताकि सोनभद्र के युवा खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सकें।
मैराथन के आयोजक धर्मवीर तिवारी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को स्वस्थ एवं फिट रहने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित इस मैराथन में जिले की बालक एवं बालिका प्रतिभाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
धर्मवीर तिवारी ने कहा कि ‘फिट इंडिया’ अभियान देश को स्वस्थ और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसी संदेश के साथ नमो मैराथन का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को जनकल्याण सेवा समिति की ओर से सम्मानित किया गया। साथ ही भविष्य में भी प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे आयोजनों का सिलसिला जारी रहेगा।
प्रतियोगिता के परिणामों में महिला वर्ग में सुमन पटेल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पुरुष वर्ग में मुकेश कुमार विजेता रहे। विजेताओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |