सोनभद्र, 15 सितम्बर। जनपद में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान को प्रभावी एवं जनभागीदारी आधारित बनाने के लिए मंगलवार को प्रभारी मंत्री एवं राज्य मंत्री (एमएसएमई) हंसराज विश्वकर्मा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एमएलसी विनीत कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, जिलाधिकारी चर्चित गौड़, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम न होकर जनसेवा, जनकल्याण और जनभागीदारी का व्यापक आंदोलन बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जाए तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जाए।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान रक्तदान शिविर, दिव्यांगजन कल्याण शिविर, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य एवं पोषण कार्यक्रम, शिक्षा एवं युवा संवाद, रोजगार एवं आजीविका से जुड़े आयोजन तथा जनजागरूकता गतिविधियां सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की जाएं। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, स्वयं सहायता समूहों और आम नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियों और विकास कार्यों को भी अभियान के दौरान प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाए, ताकि लोगों को योजनाओं के सकारात्मक प्रभाव की जानकारी मिल सके। डिजिटल माध्यमों से इन उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने कहा कि अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और आमजन की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सेवा और जनकल्याण का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे और अधिक से अधिक पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम केवल औपचारिकता तक सीमित न रहें, बल्कि उनके सकारात्मक परिणाम धरातल पर दिखाई दें। उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध तैयारी और बेहतर समन्वय के साथ कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। साथ ही अभियान की गतिविधियों, विकास कार्यों और लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को फोटो एवं वीडियो के माध्यम से व्यापक रूप से प्रचारित करने को कहा।
मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने अभियान की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए बताया कि 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक ग्राम पंचायत, विकास खंड एवं जनपद स्तर पर स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, स्वच्छता, रोजगार, युवा सहभागिता और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता के साथ सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि सेवा की भावना और विकसित भारत-2047 का संकल्प जन-जन तक पहुंचाना ही अभियान की वास्तविक सफलता होगी।
