सोनभद्र। जनपद के जुगैल थाना क्षेत्र में मे. ओमैक्स मिनरल्स प्रा. लि. के कथित निदेशक सचिन अग्रवाल के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किए जाने का मामला सामने आया है। यह जानकारी शिकायतकर्ता चंदन दुबे ने दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना जुगैल में सचिन अग्रवाल के विरुद्ध बीएनएस की धारा 318(4) एवं 319(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला खनन पट्टे से संबंधित दस्तावेजों में कथित अनियमितता और फर्जीवाड़े के आरोपों से जुड़ा है।
शिकायतकर्ता चंदन दुबे पुत्र स्वर्गीय ललित दुबे, निवासी औड़ी मोड़, अनपरा ने न्यायालय सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/न्यायिक मजिस्ट्रेट, सोनभद्र के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर आरोप लगाया था कि ग्राम खेबधा, थाना जुगैल स्थित लगभग 7 हेक्टेयर क्षेत्रफल के बालू/मोरंग खनन पट्टे की रजिस्ट्री दिनांक 23 जनवरी 2023 को मे. ओमैक्स मिनरल्स प्रा. लि. की ओर से सचिन अग्रवाल द्वारा निदेशक के रूप में कराई गई थी।
शिकायत में दावा किया गया है कि सचिन अग्रवाल ने कथित रूप से 14 नवंबर 2022 को कंपनी के निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बावजूद उन्होंने खनन पट्टे की रजिस्ट्री के दौरान स्वयं को निदेशक दर्शाते हुए दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए और प्रक्रिया में भाग लिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इससे सरकारी अभिलेखों में कूटरचना कर लाभ प्राप्त करने का प्रयास किया गया।
प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि कंपनी द्वारा इस संबंध में खनिज विभाग, जिलाधिकारी कार्यालय अथवा अन्य संबंधित विभागों को कोई सूचना नहीं दी गई, जिससे पूरे मामले में कथित मिलीभगत और फर्जीवाड़े की आशंका व्यक्त की गई है।
न्यायालय के निर्देश पर दर्ज मुकदमे की विवेचना पुलिस द्वारा की जा रही है। मामले में आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
