अमेठीः कोबरा बाइट के बाद युवक की मौत
September 11, 2026
अमेठी । जिला अस्पताल पर बड़ी लापरवाही का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि समय से इलाज न मिलने से एक 25 वर्षीय युवक की जान चली गई। जानकारी के अनुसार गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के चरई का पुरवा निवासी युवक खेत में धान में खाद डाल रहा था, तभी उसे कोबरा ने काट लिया। परिजन मात्र 15 से 20 मिनट में उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों को स्पष्ट बताया कि कोबरा ने काटा है। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में डॉक्टरों ने तत्काल इलाज शुरू करने के बजाय लक्षणों का इंतजार करते रहे। काफी देर बाद यह कहकर एम्स रायबरेली रेफर कर दिया गया कि अस्पताल में आईसीयू की व्यवस्था नहीं है। परिजन जब तक युवक को लेकर एम्स रायबरेली पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि यदि समय से इलाज मिल जाता तो युवक की जान बच सकती थी। घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने अस्पताल प्रशासन और जिम्मेदार डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग की है, साथ ही जिला अस्पताल में आईसीयू जैसी बुनियादी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग उठाई है।
