Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

सुलतानपुरः दोस्तपुर के आकांक्षा गैस एजेंसी में उपभोक्ताओं को सप्ताह भर इंतजार, लंबी कतारें और खाली हाथ लौटने की मजबूरी


सुल्तानपुर। जिले के दोस्तपुर इलाके में गोसैसिंहपुर स्थित कनकपुर-सरैंया मार्ग पर संचालित आकांक्षा गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर के लिए एक सप्ताह से लेकर दस दिन तक का लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। वितरण के दिन सुबह से ही लंबी कतारें लग जाती हैं और कई उपभोक्ता खाली हाथ लौटने को मजबूर हो जाते हैं।उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी सप्ताह में केवल एक दिन गैस का वितरण करती है, जिससे उस दिन भारी भीड़ जुट जाती है। कई उपभोक्ता अपनी बारी के इंतजार में सुबह चार बजे से ही लाइन में पहुंच जाते हैं। घंटों इंतजार के दौरान कई लोग बिना कुछ खाए-पिए लाइन में खड़े रहते हैं, जिससे उन्हें खाली पेट परेशानी का सामना करना पड़ता है। बुधवार को भी कई उपभोक्ता सिलेंडर न मिलने के कारण खाली हाथ लौटे।उपभोक्ताओं का कहना है कि सुबह से लाइन लगाने के बावजूद कई बार सिलेंडर समाप्त हो जाने से उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है। इसके बाद अगले वितरण तक फिर एक सप्ताह इंतजार करना पड़ता है और दोबारा सुबह जल्दी पहुंचकर कतार में लगना पड़ता है। यह सिलसिला लगातार जारी है।एजेंसी संचालक का कहना है कि महीने में करीब पांच-छह लोड आते हैं। एक लोड में कभी-कभी 318, 330, 352 या 360 तक सिलेंडर आते हैं, जिसमें कमर्शियल सिलेंडर भी शामिल होते हैं। उपलब्ध लोड के अनुसार ही गैस का वितरण किया जाता है।उपभोक्ताओं का मानना है कि समस्या सिर्फ सिलेंडरों की संख्या तक सीमित नहीं है। लोड के आने के समय को लेकर भी दिक्कत होती है। सूत्रों के अनुसार कई बार लोड तय समय पर नहीं पहुंचता और दोपहर से लेकर शाम तक लग जाता है। इससे सुबह से लाइन में लगे उपभोक्ताओं को घंटों अतिरिक्त इंतजार करना पड़ता है।उपभोक्ताओं ने वितरण प्रणाली की एक व्यवस्था का भी जिक्र किया है। उनके अनुसार यदि किसी दिन लाइन में लगने के बावजूद सिलेंडर समाप्त हो जाता है और गैस नहीं मिल पाती, तो उस उपभोक्ता का सिलेंडर जमा कर लिया जाता है। अगले सप्ताह के वितरण में ऐसे उपभोक्ताओं को पहली प्राथमिकता दिए जाने की बात कही जाती है।क्षेत्र के उपभोक्ता नियमित और पर्याप्त आपूर्ति के साथ सुचारू वितरण व्यवस्था की मांग कर रहे हैं ताकि उन्हें हर सप्ताह लंबी कतार और अनिश्चितता का सामना न करना पड़े।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |