अमेठी। लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार को जिलाधिकारी शशांक चैधरी एवं पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने गौरीगंज तहसील क्षेत्र के जलभराव प्रभावित बिहारीगंज गांव का संयुक्त निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने गुलालपुर ड्रेन का जायजा लेते हुए जल निकासी की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने लगातार बारिश से किसानों की फसलों को हुए संभावित नुकसान का तत्काल सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व अधिकारियों से कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में मौके पर पहुंचकर फसल क्षति का आकलन कर समयबद्ध रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए, ताकि पात्र किसानों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जा सके। जलभराव वाले स्थानों पर पानी की निकासी के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान डीएम-एसपी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने पंचायत भवन का अधूरा निर्माण, विद्युत आपूर्ति की समस्या तथा पात्र परिवारों को शौचालय योजना का लाभ न मिलने की शिकायत की। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। डीएम ने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की भी जानकारी ली। लेखपाल ने बताया कि गांव में करीब पांच से छह परिवार भूमिहीन हैं। इस पर जिलाधिकारी ने पात्र भूमिहीन परिवारों को नियमानुसार पट्टा आवंटित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से आगामी दो दिनों तक विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। कच्चे व जर्जर मकानों में रहने वाले लोग सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। जलभराव वाले क्षेत्रों और विद्युत तारों से दूरी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। जनपदवासियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बिहारीगंज पहुंच गुलालपुर ड्रेन का लिया जायजा, फसल नुकसान के सर्वे और जल निकासी के दिए सख्त निर्देश
