अमेठी। शासन के निर्देश पर माह के चतुर्थ शनिवार को जनपद के सभी थानों में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसी क्रम में जिलाधिकारी शशांक चैधरी एवं पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने थाना गौरीगंज पहुंचकर फरियादियों की शिकायतें सुनीं। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों ने भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मामलों, पारिवारिक विवादों तथा पुलिस से जुड़े विभिन्न प्रकरणों को अधिकारियों के सामने रखा। डीएम-एसपी ने एक-एक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से मामले की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी शशांक चैधरी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। प्रत्येक प्रकरण की मौके पर जाकर तथ्यात्मक जांच कर नियमानुसार न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान करना है, ताकि फरियादियों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए अनावश्यक रूप से विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में दोनों विभागों की भूमिका है, उनमें संयुक्त रूप से मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच की जाए और निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। डीएम-एसपी ने अधिकारियों को चेताया कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और पारदर्शिता से किसी प्रकार का समझौता न हो। शिकायतकर्ता को समय से कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को प्रभावी राहत मिल सके।
गौरीगंज थाने में जन शिकायतों की सुनवाई, डीएम बोले-लापरवाही और लंबित रखना नहीं होगा बर्दाश्त
