Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

गौरीगंज: रात में अचानक थाने पहुंचे एसपी, परखी पुलिस की मुस्तैदी


वर्दी से लेकर गश्त तक की जांच, डायल-112 को त्वरित रिस्पांस के निर्देश

गौरीगंज/अमेठी। अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को लेकर अमेठी पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने रविवार रात थाना गौरीगंज का औचक निरीक्षण कर पुलिस की मुस्तैदी परखी। एसपी ने थाने में आयोजित ‘रात्रि गणना’ का जायजा लेते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की उपस्थिति, वर्दी और टर्नआउट की बारीकी से जांच की। अचानक हुए निरीक्षण से पुलिसकर्मियों में हड़कंप के साथ ही ड्यूटी के प्रति सतर्कता का संदेश भी गया।

एसपी ने मौजूद अधिकारी एवं कर्मचारियों को अनुशासन के साथ ड्यूटी करने तथा निर्धारित वर्दी को पूरी गरिमा के साथ धारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को सोशल मीडिया पॉलिसी की जानकारी देते हुए उसके प्रभावी अनुपालन पर जोर दिया। साथ ही ड्यूटी के दौरान सतर्कता बरतने, नियमित एवं प्रभावी गश्त करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार चेकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर आते-जाते समय वाहन चलाते हुए पुलिसकर्मी स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अनिवार्य रूप से सीट बेल्ट व हेलमेट का प्रयोग करें।

इसके बाद एसपी ने डायल-112 कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने आपातकालीन सूचनाओं पर पुलिस की रिस्पांस व्यवस्था की जानकारी लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि डायल-112 के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक सूचना पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस दौरान विभिन्न रजिस्टरों और अभिलेखों की भी जांच की गई तथा उन्हें समय से अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के अगले चरण में पुलिस अधीक्षक ने रिजर्व पुलिस लाइन गौरीगंज स्थित मेस का जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ भोजन ग्रहण कर खाने की गुणवत्ता परखी। मेस की साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी ने पुलिसकर्मियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी जानीं और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी गौरीगंज अखिलेश कुमार वर्मा, क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन्स श्वेताभ भाष्कर, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |