अमेठीः नेवादा में प्रतिकर शिविर, किसानों को मिली राहत
September 26, 2026
अमेठी। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-931 प्रतापगढ़-अमेठी-गौरीगंज-मुसाफिरखाना मार्ग के चैड़ीकरण से प्रभावित किसानों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से प्रतिकर राशि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी शशांक चैधरी के निर्देश पर तहसील गौरीगंज क्षेत्र के ग्राम नेवादा किशुनगढ़ में बृहद प्रतिकर भुगतान शिविर आयोजित किया गया। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योति सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-931 के किलोमीटर 0.00 से 68.00 तक 2 लेन प्लस पेव्ड शोल्डर चैड़ीकरण का कार्य प्रगति पर है। परियोजना से प्रभावित भू-स्वामियों को प्रतिकर भुगतान में सुविधा देने के लिए गांव स्तर पर शिविर लगाए जा रहे हैं। शिविर में ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों के सहयोग से बड़ी संख्या में प्रभावित भू-स्वामियों की भुगतान संबंधी पत्रावलियां मौके पर ही संकलित की गईं। इससे किसानों को आवश्यक दस्तावेज जमा करने के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली। मौके पर अभिलेखों के सत्यापन एवं संकलन से भुगतान प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने में मदद मिली। एडीएम ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र किसान को उसकी प्रतिकर राशि बिना अनावश्यक विलंब के सीधे बैंक खाते में उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि परियोजना से प्रभावित अन्य गांवों में भी चरणबद्ध तरीके से इसी प्रकार के शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को उनके गांव में ही सुविधा उपलब्ध कराना है। अपर जिलाधिकारी ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग के लिए ग्राम प्रधान, ग्रामीणों एवं तहसील गौरीगंज की राजस्व टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की सुरक्षा और उन्हें समय पर प्रतिकर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
