अमेठीः नन्हीं बेटियों का हुआ भव्य स्वागत, 21 माताओं को बांटी गईं बेबी किट
September 26, 2026
अमेठी। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत शनिवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय, गौरीगंज में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिका जन्म के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना तथा बेटियों के सम्मान, शिक्षा और अधिकारों के प्रति समाज को जागरूक करना रहा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, जिलाधिकारी शशांक चैधरी एवं मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू ने संयुक्त रूप से 21 नवजात बालिकाओं की माताओं को बेबी किट, कंबल, ऊनी वस्त्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अधिकारियों ने नवजात बालिकाओं के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी शशांक चैधरी ने कहा कि कन्या जन्मोत्सव महज औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बेटियों के प्रति सम्मान, समानता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का अभियान है। उन्होंने कहा कि सरकार बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। डीएम ने अभिभावकों से बेटियों को बेटों के समान अवसर देने और उनकी शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षित एवं सशक्त बेटियां ही मजबूत समाज और राष्ट्र की आधारशिला हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने कहा कि बेटियां परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके सम्मान और सशक्तिकरण के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान से बालिका जन्म के प्रति समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव आया है। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। लाभार्थी परिवारों को बालिकाओं के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं सुरक्षा संबंधी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
