बीसलपुरः राष्ट्रीय ताइक्वांडो में आरुष ने जीता स्वर्ण, हुआ भव्य स्वागत
September 25, 2026
बीसलपुर। पानीपत में आयोजित सीबीएसई विद्यार्थियों की राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में बीसलपुर के कैंम स्कॉलर्स विद्यालय के कक्षा 10 के छात्र आरुष उर्फ आशु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल कर लौटे छात्र का ईदगाह चैराहे पर परिजनों और खेल प्रेमियों ने स्वागत किया।प्रतियोगिता में आरुष ने 16 राउंड में प्रतिभाग करते हुए अपने प्रदर्शन के दम पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता बनने पर उन्हें स्वर्ण पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। हरियाणा से वापस लौटने के बाद उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए और छात्र को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान आरुष के बाबा हरद्वारीलाल, पिता प्रदीप वर्मा, माता विनीता वर्मा, ताइक्वांडो प्रशिक्षक नासिर सहित विद्यालय के विद्यार्थी और अन्य लोग मौजूद रहे। आरुष के माता-पिता स्वास्थ्य विभाग के जिला अस्पताल पीलीभीत में कार्यरत हैं। छात्र की उपलब्धि से परिवार और विद्यालय में खुशी का माहौल है।
