बीसलपुर। राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150वें वर्ष के अवसर पर विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान के तत्वावधान में शुक्रवार को नगर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में ‘नमामि मातरम्-सामूहिक वंदे मातरम्’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य केंद्र समेत क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और नागरिकों ने एक स्वर और एक लय में राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय प्रबंधक विष्णु कुमार गोयल ने कहा कि वंदे मातरम् स्वतंत्रता आंदोलन की चेतना और राष्ट्रभावना से जुड़ा राष्ट्रगीत है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी आवश्यक है। प्रधानाचार्य डॉ. रविशरण सिंह चैहान ने आयोजन में शामिल लोगों का आभार जताते हुए कहा कि इतने बड़े स्तर पर सामूहिक गायन का आयोजन नागरिकों की सहभागिता को दर्शाता है।
सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और नागरिकों समेत 2556 लोगों ने एक साथ वंदे मातरम् का गायन किया। इसके अलावा आचार्यों की टोली के माध्यम से क्षेत्र के 53 अन्य शिक्षण संस्थानों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां 12557 लोगों ने सामूहिक गायन में भाग लिया। आयोजकों के अनुसार सभी केंद्रों को मिलाकर कुल 15108 लोगों ने राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया।
कार्यक्रम में चेयरमैन प्रतिनिधि अमन जायसवाल, जिला कार्यवाह कृष्ण कुमार, जिला संघचालक रामवीर, जिला प्रचारक अवनीश बजरंगी, ब्लॉक प्रमुख अशोक शर्मा, शिवेंद्र शुक्ला, शशि सौरभ और नितिन कुमार समेत विभिन्न क्षेत्रों के लोग मौजूद रहे। क्षेत्र के कई विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों से पूरे दिन राष्ट्रगीत की गूंज सुनाई देती रही।
