बीसलपुरः वरिष्ठ पत्रकार मृदुल किशोर त्रिगुणायत के निधन पर पत्रकारों ने जताया शोक! पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में हुई शोकसभा, दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
September 19, 2026
बीसलपुर। पत्रकारिता जगत के वरिष्ठ साथी और दैनिक जागरण के तहसील प्रभारी मृदुल किशोर त्रिगुणायत का शुक्रवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर से स्थानीय पत्रकारों में शोक की लहर दौड़ गई। साथी पत्रकारों ने उन्हें सहज, सरल स्वभाव और अपने कार्य के प्रति समर्पित व्यक्तित्व के रूप में याद किया।शनिवार शाम चार बजे बीसलपुर स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में पत्रकार साथियों की ओर से शोकसभा आयोजित की गई। उपस्थित पत्रकारों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत पत्रकार को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद साथियों ने उनके व्यक्तित्व, व्यवहार और पत्रकारिता के क्षेत्र में किए गए कार्यों को याद करते हुए अपने विचार व्यक्त किए।वक्ताओं ने कहा कि मृदुल किशोर त्रिगुणायत के निधन से पत्रकारिता जगत ने एक अनुभवी और समर्पित साथी खो दिया है। उनके निधन को पत्रकारिता के क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति बताते हुए सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। शोकसभा में पत्रकार सत्यवान अवस्थी, पातीराम गंगवार, महिपाल गंगवार, आशुतोष मिश्रा, शरद दुबे, मनोज पाठक, मुनेंद्र यादव, अमित दीक्षित, मनोज सक्सेना, अमित मिश्रा, रूपेश गंगवार, हरीश कोली, रोहित मिश्रा समेत अन्य पत्रकार साथी मौजूद रहे।
