Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बीसलपुरः गरजी भाकियू भानु, नौ जनसमस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन! आवास-शौचालय से लेकर बिजली, जर्जर सड़क, नाली, आवारा पशु और तालाब से अतिक्रमण हटाने की मांग, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी


बीसलपुर। भारतीय किसान यूनियन भानु की बैठक शनिवार को मंडी समिति परिसर स्थित किसान विश्रामगृह में हुई। बैठक में किसानों और ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करने के बाद संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष भजनलाल क्रोधी के नेतृत्व में तहसील पहुंचे। यहां बीडीओ और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर नौ प्रमुख जनसमस्याओं के समाधान की मांग की गई।

ज्ञापन में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना तथा शौचालय योजना में पात्र लोगों को लाभ से वंचित किए जाने और अपात्र लोगों को लाभ दिए जाने के आरोपों की जांच कराने की मांग उठाई गई। ग्राम पंचायत पश्तौर कुइयां और बेहटा के आसपास रह रहे परिवारों को बिजली सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।

भाकियू ने पश्तौर कुइयां में शौचालय से संबंधित पहले दिए गए ज्ञापन पर अब तक सर्वे और कार्रवाई न होने का मुद्दा भी उठाया। ग्राम पंचायत फिरसाह चुराह के मीरपुर ढकरिया में जर्जर और नीची पड़ी बिजली केबल को बदलकर ऊंचा कराने की मांग की गई, जिससे हादसे की आशंका को कम किया जा सके।

संगठन ने क्षेत्र में आवारा पशुओं और बंदरों की समस्या को गंभीर बताते हुए पशुओं को गौशालाओं में भेजने तथा बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की मांग की। नगरारता में एक मकान के सामने नाली नहीं होने से जलनिकासी की समस्या को देखते हुए नाली निर्माण की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई।

खदनदिया बाबा यानी चरखोला नहर पुलिया से बमरौली ईंटगांव संपर्क मार्ग की खराब सड़क की मरम्मत कराने की मांग भी उठाई गई। ग्राम पंचायत कनपरी के तालाब में कथित पक्के अतिक्रमण का मामला उठाते हुए संगठन ने संबंधित न्यायालय के 30 जुलाई 2026 के आदेश का अनुपालन कराने की मांग की। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।

इसके अलावा बिलसंडा ब्लॉक के तिलछी गांव निवासी सरोजनी पत्नी पवन के आवास से जुड़े मामले में पात्रता की दोबारा जांच कराकर जरूरतमंद महिला को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की गई। ग्राम पंचायत सुजनी में शौचालय योजना के लिए ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदनों पर कार्रवाई नहीं होने की जांच कराने और पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने की मांग भी ज्ञापन में रखी गई।

इस मौके पर भाकियू भानु के बिलसंडा ब्लॉक अध्यक्ष राकेश प्रताप यादव, वरिष्ठ मंडल अध्यक्ष संचित दीक्षित, शेखर शुक्ला, हिमांशु मिश्रा, रवि पंडित, बीसलपुर अध्यक्ष नागेंद्र कुशवाहा समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |