Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अमेठीः बदली तकदीर! टपकती छत से पक्के घर तक पहुंची ममता


अमेठी। कभी जर्जर कच्चे घर, टपकती छत और हर मौसम की परेशानी के बीच जीवन गुजारने वाली संग्रामपुर विकासखंड के भवसिंहपुर गांव निवासी ममता देवी पत्नी मनोज कुमार की जिंदगी अब बदल चुकी है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पक्का मकान मिलने से वर्षों पुराना सपना साकार हुआ है। आज ममता देवी अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक आशियाने में रह रही हैं। ममता देवी बताती हैं कि पहले उनका घर छप्पर और पन्नी से ढका था। बरसात में छत टपकती थी और घर के अंदर पानी भर जाता था। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती थी तथा परिवार को हर समय किसी अनहोनी का डर सताता रहता था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पक्का मकान बनाना संभव नहीं था। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्रता के आधार पर ममता देवी का चयन किया गया। आवास निर्माण के लिए उन्हें तीन किश्तों में ’’1.20 लाख रुपये’’ की आर्थिक सहायता मिली। इसके साथ मनरेगा के तहत मजदूरी का लाभ भी प्राप्त हुआ। सरकारी सहयोग से धीरे-धीरे उनका पक्का घर तैयार हो गया। जनपद में जिलाधिकारी संजय चैहान के निर्देशन में योजना के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी की जा रही है। परियोजना निदेशक, डीआरडीए ऐश्वर्य यादव के नेतृत्व में लाभार्थियों के चयन, सत्यापन, भुगतान और निर्माण कार्य की प्रगति पर भी नजर रखी गई। ममता देवी को आवास के साथ बिजली, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और गैस कनेक्शन जैसी सुविधाओं का लाभ भी मिला है। वह कहती हैं कि पक्का घर मिलने से परिवार को सुरक्षा, सम्मान और नई उम्मीद मिली है। जो घर कभी सपना था, आज वही उनके परिवार की खुशियों का आधार बन गया है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |