अमेठीः लम्पी पर अमेठी का वार, 85 हजार गोवंश सुरक्षित
September 15, 2026
अमेठी। गोवंशीय पशुओं को लम्पी स्किन डिजीज के खतरे से बचाने के लिए पशुपालन विभाग ने जनपद में सघन टीकाकरण अभियान छेड़ रखा है। विभागीय टीमों की सक्रियता का परिणाम है कि अब तक 85 हजार गोवंशीय पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जी.के. शुक्ला ने बताया कि जनपद में अभी तक लम्पी वायरस का कोई मामला सामने नहीं आया है। संक्रमण की आशंका को देखते हुए विभाग पहले से ही पूरी सतर्कता बरत रहा है। उन्होंने बताया कि अमेठी में लगभग 2.20 लाख गोवंशीय पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए विभाग को अब तक 1.47 लाख वैक्सीन की खुराक प्राप्त हो चुकी हैं। अभियान को गति देने के लिए 25 विशेष टीमें गठित की गई हैं, जिनमें पशु चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी और पशुधन प्रसार अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा सात पशु एंबुलेंस वाहनों को भी अभियान में लगाया गया है। एंबुलेंस टीमें प्रतिदिन पूर्वाह्न में एक गांव तथा अपराह्न में दूसरे गांव में शिविर लगाकर गोवंशीय पशुओं का टीकाकरण सुनिश्चित कर रही हैं। विभाग द्वारा अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया जा सके। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने पशुपालकों से अपील की कि टीकाकरण टीमों के गांव या घर पहुंचने पर अपने सभी गोवंशीय पशुओं का टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण और पशुपालकों का सहयोग ही लम्पी वायरस से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
