अमेठी। आगामी 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्यमंत्री व अमेठी की प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने विकास भवन सभागार में अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अभियान को जनभागीदारी का व्यापक रूप देने और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा काल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा नागरिकों को विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से अभियान आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह महज कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन और जनभागीदारी को मजबूत करने का अभियान ळें उन्होंने बताया कि ’’17 सितम्बर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’’’ थीम के साथ अभियान का शुभारंभ होगा। शाम सात बजे आम नागरिक घरों, प्रतिष्ठानों, सरकारी भवनों और सार्वजनिक स्थलों पर दीप जलाकर राष्ट्र निर्माण के संकल्प में भागीदारी करेंगे। जनप्रतिनिधियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं से भी दीप जलाकर फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील की गई। प्रभारी मंत्री ने प्रत्येक विकासखंड में एक सप्ताह तक विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों में अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित कर आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाए और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ उनके द्वार तक पहुंचाया जाए। बैठक में सेवा ज्योति कलश यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के संग-राष्ट्र के संग, सुशासन सेवा संवाद सहित विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को लाभार्थियों का अद्यतन डाटा तैयार करने के साथ कार्यक्रम स्थलों, सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता और प्रचार-प्रसार की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान की सफलता तभी संभव है, जब अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक मिलकर इसे जनआंदोलन का रूप दें। अमेठी को सेवा संकल्प अभियान में प्रदेश के लिए एक उत्कृष्ट उदाहरण बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
17 सितंबर को शाम सात बजे दीप प्रज्वलन, जनभागीदारी से ‘विकसित भारत-2047’ का लिया जाएगा संकल्प
