मुसाफिरखाना/अमेठी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में अमेठी के धार्मिक स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने का काम तेजी से जारी है। इसी क्रम में मुसाफिरखाना क्षेत्र के ग्राम नारा स्थित बाबा महावीर दास मंदिर को पर्यटन विभाग की परियोजना के तहत नया स्वरूप दिया जा रहा है। करीब 96.41 लाख रुपये की लागत से चल रहे विकास कार्य से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। पर्यटन विभाग के अनुसार मंदिर के विकास कार्य की शुरुआत 9 अप्रैल को हुई थी और परियोजना को अगले वर्ष अप्रैल तक पूरा किए जाने का प्रस्ताव है। परियोजना प्रबंधक देवव्रत पवार के मुताबिक मंदिर परिसर में चबूतरे का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि गजेबो, पेयजल व्यवस्था और यात्री हाल के रेनोवेशन का कार्य प्रगति पर है। मंदिर परिसर में बनने वाला ’’गजेबो श्रद्धालुओं को धूप और बारिश से राहत देगा’’, वहीं यात्री हाल के नवीनीकरण से श्रद्धालुओं के ठहरने और विश्राम की सुविधा बेहतर होगी। इसके अलावा स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था भी की जा रही है। विकास कार्य पूरा होने के बाद श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के साथ बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिल सकेंगी। बाबा महावीर दास मंदिर क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। मंदिर के विकास से मुसाफिरखाना क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे आसपास के क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं। प्रदेश सरकार की धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास की योजनाओं के तहत अमेठी में भी कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है। बाबा महावीर दास मंदिर के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विस्तार से आने वाले समय में यह स्थल अमेठी के पर्यटन मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बना सकता है।
96.41 लाख रुपये की लागत से हो रहा विकास, श्रद्धालुओं को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
