प्रतापगढ़। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय के सभागार में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खण्ड स्नातक एवं लखनऊ खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सम्बन्धित मतदेय स्थलों के प्रस्ताव के सम्बन्ध में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गयी। बैठक में निर्वाचन कार्यक्रम, प्रस्तावित मतदेय स्थलों, मतदान केन्द्रों तथा मतदाताओं से सम्बन्धित व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गयी। बैठक में अवगत कराया गया कि निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितम्बर 2026 को जारी होगी। नाम निर्देशन हेतु अंतिम तिथि 06 अक्टूबर, नाम निर्देशनों की जांच 07 अक्टूबर, नाम वापसी की अंतिम तिथि 09 अक्टूबर तथा मतदान 23 अक्टूबर 2026 को कराया जायेगा। मतदान का समय प्रातः 8 बजे से अपराह्न 4 बजे तक निर्धारित है। मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को होगी तथा निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 तक पूर्ण कर ली जायेगी।
बैठक में बताया गया कि लखनऊ खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 07 जनपद यथा खीरी, हरदोई, सीतापुर, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली एवं प्रतापगढ़ सम्मिलित हैं। जनपद प्रतापगढ़ में मतदान 23 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8 बजे से अपराह्न 4 बजे तक सम्पन्न कराया जायेगा। मतदान के पश्चात समस्त पोल्ड मतपेटिकाओं को राजकीय इण्टर कॉलेज प्रतापगढ़ में बनाये गये स्ट्रांग रूम में सुरक्षित जमा कराया जायेगा। बैठक में लखनऊ खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 19 मतदान केन्द्र, 19 मूल मतदेय स्थल तथा 09 सहायक मतदेय स्थल, कुल 28 मतदेय स्थल प्रस्तावित किये गये हैं। वहीं लखनऊ खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 19 मतदान केन्द्र एवं 19 मूल मतदेय स्थल प्रस्तावित हैं। मतदाताओं के सम्बन्ध में बताया गया कि लखनऊ खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 24,261 मतदाता हैं, जिसमें 16,265 पुरुष एवं 7,996 महिला मतदाता शामिल हैं। इसी प्रकार लखनऊ खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 7,267 मतदाता हैं, जिसमें 5,283 पुरुष एवं 1,984 महिला मतदाता हैं।
जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्रस्तावित मतदेय स्थलों के सम्बन्ध में सुझाव एवं आपत्तियां प्राप्त कीं तथा निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की। निर्वाचन से सम्बन्धित व्यवस्थाओं में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है जिसका अनुपालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। निर्वाचन आयोग के अनुसार चुनाव प्रक्रिया के संचालन में निर्धारित नियमों एवं व्यवस्थाओं का पालन आवश्यक है। उन्होने राजनैतिक दलों से कहा कि यदि किसी भी प्रकार की समस्या हो तो सम्बन्धित उपजिलाधिकारी से सम्पर्क कर सकते है। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0ध्रा0) आदित्य प्रजापति, सम्बन्धित अधिकारी एवं मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
