Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पीलीभीतः अचानक कोतवाली पहुंचे नवागत एएसपी, पुलिसिंग की जमीनी हकीकत परखी! अभिलेखों से लेकर मिशन शक्ति केंद्र तक किया निरीक्षण


पूरनपुर। नवागत अपर पुलिस अधीक्षक हिमांशु गौरव ने रविवार दोपहर करीब 12 बजे पूरनपुर कोतवाली का औचक निरीक्षण कर पुलिसिंग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एएसपी के अचानक कोतवाली पहुंचने से पुलिसकर्मियों में हलचल रही। उन्होंने निरीक्षण के दौरान परिसर की साफ-सफाई, कार्यालयों, बैरकों और विभिन्न अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति देखी तथा संबंधित पुलिसकर्मियों से आवश्यक जानकारी ली।

अपर पुलिस अधीक्षक ने मिशन शक्ति केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने महिला संबंधी शिकायतों की सुनवाई, पीड़ित महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सहायता और जागरूकता गतिविधियों की जानकारी लेते हुए संबंधित कर्मियों को अपने क्षेत्र में सक्रिय रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके बाद एएसपी ने डाक कार्यालय का निरीक्षण कर पत्रावलियों और डाक से संबंधित कार्यों की स्थिति देखी। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि थाने पर अपनी शिकायत लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। शिकायतों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण हो और किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। उन्होंने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए उन्हें निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। स्पष्ट कहा कि अपराध नियंत्रण और विवेचनाओं की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। पुलिसकर्मी क्षेत्र में सक्रिय रहकर अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाएं।

गौकशी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा आवश्यक पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। एएसपी ने मिशन शक्ति अभियान को भी प्रभावी तरीके से संचालित करने को कहा। मिशन शक्ति केंद्र से जुड़े पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सहायता और जागरूकता से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराएं तथा उनकी शिकायतों को गंभीरता से लें। निरीक्षण के दौरान थानों में लंबे समय से खड़े वाहनों के संबंध में भी जानकारी ली गई। एएसपी ने ऐसे वाहनों का नियमानुसार निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन की शिकायतों का प्रभावी और समयबद्ध समाधान भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इस दौरान कोतवाली प्रभारी पवन पांडेय सहित कोतवाली का पुलिस बल मौजूद रहा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |