अमेठीः जलभराव से जनजीवन बेहाल, स्कूल-अस्पताल पानी में डूबे
September 02, 2026
अमेठी। विकासखंड भादर अंतर्गत ग्राम सभा छीड़ा में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लगातार बारिश के बाद गांव की सड़कें जलमग्न हैं, वहीं प्राथमिक विद्यालय और होम्योपैथिक अस्पताल परिसर भी पानी से घिरा हुआ है। हालात यह हैं कि जलभराव का पानी अब ग्रामीणों के घरों तक पहुंचने लगा है, जिससे लोगों को रोजमर्रा के कामकाज के लिए भी पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में बारिश के पानी की निकासी के लिए बनाए गए रास्ते बाधित होने के कारण पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है। कई स्थानों पर नालियां गंदगी और कचरे से जाम पड़ी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि समय से नालियों की सफाई नहीं होने के कारण बरसात के दौरान समस्या और विकराल हो जाती है। जलभराव के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा ळें उत्पल सिंह यादव, राजबहादुर वर्मा, सुनील वर्मा, संत कुमार वर्मा, गूड्डू वर्मा और रवि कोरी ने बताया कि लंबे समय से गांव में जलभराव की समस्या बनी हुई है। पानी जमा रहने के कारण विषैले जीव-जंतुओं के निकलने और संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्रामसभा में विकास कार्यों के लिए आने वाले बजट का समुचित उपयोग नहीं होने से गांव की मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने विकास कार्यों के लिए मिलने वाली धनराशि के उपयोग में पारदर्शिता सुनिश्चित किए जाने की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
