अमेठीः नशे के कारोबार पर डीएम का शिकंजा, अवैध खेती से लेकर बिक्री तक होगी कड़ी कार्रवाई
September 24, 2026
अमेठी। जनपद में नशीले पदार्थों की खेती और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी शशांक चैधरी की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एनकार्ड की जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में नशीले पदार्थों की अवैध खेती, निर्माण, बिक्री और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने पुलिस, आबकारी और ड्रग्स विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में कहीं भी नारकोटिक्स पदार्थ, ड्रग्स अथवा अवैध शराब की बिक्री, निर्माण या संचय न होने पाए। अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई करें। उन्होंने एनडीपीएस से संबंधित अभियोगों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करते हुए आरोपियों को न्यायालय से कड़ी सजा दिलाए जाने के लिए मजबूत पैरवी करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के साथ ही युवाओं को इसकी गिरफ्त में आने से बचाना भी प्राथमिकता है। शैक्षिक संस्थानों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए समय-समय पर अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग को विद्यालयों में नशा मुक्ति अभियान संचालित करने तथा स्वास्थ्य विभाग को भी विशेष प्रयास करने को कहा गया। कृषि विभाग को निर्देशित किया गया कि जिले में कहीं भी नशीले पदार्थों की खेती न होने पाए, इसके लिए लगातार निगरानी रखी जाए। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योति सिंह, एएसपी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह, जिला आबकारी अधिकारी अखिलेश आर्य, समस्त एसडीएम, क्षेत्राधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
